दिल्ली/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को अवगत कराया कि वर्ष 2025 को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस विशेष अवसर पर राज्य सरकार विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू को छत्तीसगढ़ आगमन हेतु सादर आमंत्रित भी किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य सरकार के जनहितकारी प्रयासों की सराहना करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
