रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा।


गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की थी, जिस पर त्वरित अमल करते हुए आज इसका विधिवत विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय देते हुए कई बार सर्वोच्च बलिदान दिया है। यह पदक उनके समर्पण, सेवा और त्याग को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।
छत्तीसगढ़ की माटी और संस्कृति से जुड़ा पदक
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि यह पदक छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को आत्मसात करता है। यह गोलाकार, चांदी रंग का होगा, जिसके अग्र भाग में साल वृक्ष और पीछे के भाग में पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा। पदक को रिबन के साथ वर्दी की बाईं ओर जेब के ऊपर धारण किया जाएगा।
वरीयता क्रम में यह पदक अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, वीरता पदक, राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक और राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक के पश्चात लगाया जाएगा।
प्रतीकों में छिपा साहस और समर्पण का संदेश
पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता और टीम भावना का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, संरक्षण और मौन रहकर भी प्रभावशाली योगदान का संदेश देता है। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की भांति यह पदक भी छत्तीसगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा और प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

