जशपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर में निर्माणाधीन जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के पूरा होने के बाद यह क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और मरीजों को बेहतर व विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं यहीं उपलब्ध हो सकेंगी।
करीब 35 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से बन रहा यह अत्याधुनिक अस्पताल एनटीपीसी लारा के CSR फंड से तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना का भूमिपूजन 7 अप्रैल 2025 को किया गया था और वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी से जारी है।प्रस्तावित 6 मंजिला भवन में ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिलों की ढलाई पूरी हो चुकी है। अस्पताल की संरचना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि मरीजों को एक ही जगह सभी आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
अस्पताल में ग्राउंड फ्लोर पर इमरजेंसी सेवाएं, प्रथम तल पर ओपीडी, द्वितीय और तृतीय तल पर वार्ड, चतुर्थ तल पर ICU और पंचम तल पर ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था होगी।
100 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में 15 ओपीडी, 4 ICU, 4 ऑपरेशन थिएटर, फिजियोथेरेपी, पैथोलॉजी लैब, सीटी स्कैन, डायलिसिस, एक्स-रे, एमआरआई, ईसीजी समेत सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

