नई दिल्ली। इस बार मानसून ने समय से पहले दस्तक दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 24 मई को केरल के तट पर पहुंचकर सीजन की शुरुआत कर दी है, जबकि इसकी सामान्य तिथि 1 जून मानी जाती है। यानी मानसून इस बार 8 दिन पहले ही केरल पहुंच गया है।
IMD का कहना है कि यह 16 सालों में सबसे जल्दी आने वाला मानसून है। इससे पहले 2009 और 2001 में मानसून 23 मई को पहुंचा था।
कई राज्यों में झमाझम के संकेत
मानसून के जल्दी पहुंचने का असर देश के बाकी हिस्सों में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है।