रायपुर/बेमेतरा जिले के नवागढ़ क्षेत्र में शनिवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब आरंग विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, विधायक खुशवंत साहेब नवागढ़ में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर लौट रहे थे। लौटते वक्त चारभांठा ढोलिया और भोईनाभांठा के बीच बायपास रोड पर उनकी गाड़ी पर तेज पत्थरबाज़ी की गई।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने इतनी ताकत से पत्थर फेंके कि यदि गाड़ी की रफ्तार कम होती तो कांच तोड़ते हुए पत्थर सीधे विधायक को लग सकता था। गनीमत रही कि ड्राइवर ने गाड़ी की गति बनाए रखी और विधायक साहेब पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक के स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।
इस हमले के बाद जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस अज्ञात असामाजिक तत्वों की तलाश में जुटी हुई है।