रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पुण्यश्लोक लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर का जीवन सुशासन, न्याय, धर्म और जनकल्याण की मिसाल है। वे केवल इंदौर की महारानी नहीं थीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक चेतना की वाहक थीं। उनका योगदान आज भी राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

सीएम साय रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित उस नाट्य मंचन समारोह में शामिल हुए, जो अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर आधारित था। यह कार्यक्रम विश्व मांगल्य सभा द्वारा आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई ने न केवल काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कराया, बल्कि द्वारका, पुरी, हरिद्वार, कांचीपुरम जैसे स्थानों पर मंदिर, धर्मशालाएं और सार्वजनिक उपयोग की संरचनाएं बनवाकर भारत की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ किया। उन्होंने देश के कोने-कोने में धर्म, सेवा और सुशासन का दीप जलाया।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में उनकी 300वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी को इस महान राजनेत्री के जीवन से प्रेरणा मिल सके।