दिल्ली/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की। बैठक में राज्य में माओवादी उन्मूलन अभियानों की प्रगति, समग्र विकास योजनाओं और ‘अमृत रजत महोत्सव 2025’ की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक राज्य में 33 बड़ी मुठभेड़ों में 445 माओवादी मारे गए हैं, 1554 गिरफ्तार किए गए और 1588 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की “समन्वित विकास और सुरक्षा” नीति के तहत सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे माओवादी प्रभाव क्षेत्र सिमटता जा रहा है।

गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों को “ऐतिहासिक” बताते हुए केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रस्तावित ‘अमृत रजत महोत्सव 2025’ पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र में विकास और शांति स्थापना के लिए केंद्रीय सहयोग पर गृह मंत्री का आभार भी जताया।