रायपुर/“सशक्त भाजपा, विकसित भारत” के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने सदस्यता अभियान में लक्ष्यों को पार कर ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में शनिवार को नवा रायपुर स्थित नवीन मुख्यमंत्री निवास में “उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया।

इस आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित संगठन के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

समारोह में सदस्यता अभियान के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले सांसदों, विधायकों, मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठन की एकजुटता को भाजपा की सफलता की कुंजी बताया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह सफलता हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जमीनी जुड़ाव का परिणाम है। उन्होंने कहा कि “भाजपा का हर सदस्य सिर्फ नाम का नहीं, विचार और सेवा का प्रतीक है।”