रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज देवपुरी स्थित ट्रैक्टर शोरूम में जीएसटी बचत उत्सव के बीच औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से आत्मीय संवाद कर जीएसटी कटौती से हुई बचत और खरीदी के अनुभव की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अभनपुर के बिरोदा निवासी किसान रवि कुमार साहू को नए हार्वेस्टर की चाबी सौंपी। रवि ने बताया कि जीएसटी कटौती से उन्हें 2 लाख रुपए की सीधी बचत हुई है। उन्होंने कहा – “मैं सेकेंड हैंड हार्वेस्टर खरीदने की सोच रहा था, पर अब नया हार्वेस्टर खरीद पाया हूं।”

इसी तरह, अभनपुर कोलर के वरिष्ठ किसान ज्ञानिक राम साहू ने बताया कि नए ट्रैक्टर की खरीदी पर उन्हें 60 हजार रुपए की बचत मिली है।
शोरूम संचालक अशोक अग्रवाल ने कहा कि ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों की कीमतों में आई कमी से बिक्री में इज़ाफ़ा हो रहा है। उदाहरण के तौर पर, पहले 10.25 लाख का ट्रैक्टर अब 9.75 लाख में मिल रहा है, जबकि 7.62 लाख का ट्रैक्टर अब 7.21 लाख और 6.51 लाख का ट्रैक्टर अब 6.11 लाख रुपए में उपलब्ध है।

बाइक खरीदी में भी राहत
मुख्यमंत्री देवपुरी के बजाज बाइक शोरूम भी पहुंचे और ग्राहकों से संवाद किया। यहां संतोषी नगर निवासी एम.डी. गुलाब ने बताया कि जीएसटी कटौती से बाइक खरीदी में उन्हें 7 हजार रुपए की बचत हुई। उन्होंने 89 हजार की कीमत वाली बजाज प्लेटिना अब 82 हजार रुपए में खरीदी।
मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा – “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू जीएसटी 2.0 ने आम जनता, किसानों और उपभोक्ताओं को वास्तविक राहत दी है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि यंत्रों की कीमतों में कमी से किसानों की खेती और जीवनयापन आसान हुआ है। इस सुधार से त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की खुशियां बढ़ी हैं और ग्रामीण-शहरी दोनों क्षेत्रों में समृद्धि का माहौल बना है।”

