महासमुंद/छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राज्यपाल बनाए जाने की अटकलों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, “मुझे राज्यपाल बनाकर क्यों छत्तीसगढ़ से विदाई कराना चाहते हो? छत्तीसगढ़ ही मेरे लिए सब कुछ है। मैं छत्तीसगढ़ में ही रहना चाहता हूं। लेकिन आगे क्या होगा, यह कोई नहीं जानता।”
यह बयान डॉ. रमन सिंह ने महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के जन्मदिन पर आयोजित महारूद्राभिषेक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान दिया। उन्होंने यह टिप्पणी भले ही हास-परिहास के अंदाज में की, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए एक साफ संदेश माना जा रहा है।
महाराष्ट्र से जुड़े चर्चाओं के बीच निकला बयान
दरअसल, महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन के इस्तीफे के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि डॉ. रमन सिंह को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। इन चर्चाओं ने अचानक राजनीतिक हलचल बढ़ा दी थी। हालांकि, भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है।
राजनीतिक संदेश या हल्की मुस्कान में कही बात?
भले ही डॉ. रमन सिंह ने इसे हल्के-फुल्के लहजे में कहा हो, लेकिन उनके शब्दों ने एक बात साफ कर दी कि वह छत्तीसगढ़ की राजनीति से दूरी नहीं बनाना चाहते। राज्यपाल बनाए जाने की अटकलों पर उनका यह जवाब सीधे-सीधे उनके रुख को भी दर्शाता है।

