रायपुर/श्याम सुपर मार्केट में हुई चर्चित डकैती अब सियासी रंग ले चुकी है। एनएसयूआई नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं।
बीजेपी ने कांग्रेस को बताया ‘चड्डी-बनियान गिरोह’
भाजपा प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों के पीछे कांग्रेस नेताओं की मिलीभगत है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का हाथ अब जनता के साथ नहीं, बल्कि अपने ही पार्टी के अपराधियों के साथ है। कांग्रेस के नेता चड्डी-बनियान गिरोह जैसे बन गए हैं, अपराधियों को संरक्षण देकर राजनीति का अपराधीकरण कर रहे हैं।”
कांग्रेस का पलटवार: बीजेपी खुद हाफ पैंट पार्टी
बीजेपी के आरोपों के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार किया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि “बीजेपी को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले खुद को देखना चाहिए। भाजपा खुद हाफ पैंट पार्टी है, हाफ पैंट पहनकर लोगों को बेवकूफ बना रही है और लाठी-डंडे के दम पर लोगों को दबाने की कोशिश कर रही है।”
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आरोप
डकैती कांड पर उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर सीधे निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “जांजगीर से लेकर बलौदाबाजार तक कांग्रेस नेताओं के अपराधों से जुड़ाव के सबूत मिल चुके हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अपराध की पटकथा लिख रही है।” उन्होंने कई उदाहरण भी दिए, जैसे कि रेत माफिया से वसूली करने वाले विधायक, बलौदाबाजार आगजनी कांड में शामिल विधायक और शराब घोटाले में जेल में बंद विधायक।
जांजगीर की डकैती अब सिर्फ आपराधिक मामला नहीं रही, बल्कि प्रदेश की राजनीति का सबसे बड़ा सियासी मुद्दा बन चुकी है। एक ओर कांग्रेस सफाई दे रही है, तो दूसरी ओर बीजेपी हर मोर्चे पर हमलावर है। अब यह देखना होगा कि इस मामले की सच्चाई क्या सामने आती है।

