रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में इसरो अहमदाबाद केंद्र के निदेशक डॉ. एन. एम. देसाई के नेतृत्व में अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की।
बैठक में इसरो की यात्रा में छत्तीसगढ़ की भागीदारी बढ़ाने, राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने और शासन की कार्यकुशलता में इसरो की तकनीक के उपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ के युवाओं को स्पेस साइंस से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने इसरो की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि —भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में जो ऊँचाइयाँ हासिल की हैं, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।”उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवाचार और तकनीकी शिक्षा को प्रोत्साहित कर रही है ताकि प्रदेश के युवा स्पेस साइंस और अंतरिक्ष अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।सीएम साय ने सुझाव दिया कि इसरो छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करे, जिससे उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी मिले।
शासन कार्यों में इसरो की तकनीक का उपयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसरो की तकनीक का उपयोग कृषि, खनन नियंत्रण, भू-अतिक्रमण की निगरानी और धान खरीदी के दौरान अवैध गतिविधियों की पहचान जैसे कार्यों में प्रभावी रूप से किया जा सकता है।
इससे शासन की कार्यकुशलता और पारदर्शिता दोनों बढ़ेंगी।
स्पेस गैलरी की स्थापना पर भी चर्चा
इसरो अहमदाबाद केंद्र के निदेशक डॉ. एन. एम. देसाई ने मुख्यमंत्री को इसरो की विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसरो युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए कई अभिनव कार्यक्रम चला रहा है, जिन्हें छत्तीसगढ़ में भी विस्तारित किया जाएगा।बैठक के दौरान प्रदेश में ‘स्पेस गैलरी’ की स्थापना को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
डॉ. देसाई ने मुख्यमंत्री साय को इसरो अहमदाबाद केंद्र के भ्रमण हेतु आमंत्रित किया और उन्हें मिशन चंद्रयान की प्रतिकृति और इसरो के हालिया उपग्रहों के मॉडल स्मृति स्वरूप भेंट किए।

