बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव पर तीखा तंज कसते हुए कहा है कि अगर उन्हें मुख्यमंत्री बनने की इतनी हसरत है, तो उन्हें एक दिन के लिए ही सही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुर्सी पर बिठा दिया जाए।
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा, “अब जैसे बच्चों को खेल-खेल में एक दिन का कलेक्टर या अधिकारी बना दिया जाता है, वैसे ही एक दिन के लिए सिंहदेव को भी कुर्सी पर बिठा दें। उनकी हसरत वहीं पूरी हो जाएगी। हसरत लेकर ऊपर नहीं जाना चाहिए, उसे यहीं पूरा कर लेना चाहिए।”
इसके साथ ही उन्होंने टी.एस. सिंहदेव के कांग्रेस में अपने अनुभव पर भी कटाक्ष किया। चंद्राकर ने कहा, “वे खुद कहा करते थे कि कांग्रेस में ‘50-50’ का समझौता हुआ था, लेकिन नतीजा क्या हुआ? कुछ नहीं मिला। अगर अपनी राजशाही का थोड़ा हिस्सा बेचकर कुछ दे देते, तो शायद मुख्यमंत्री बन जाते।”
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि पार्टी के भीतर स्थिति इतनी खराब थी कि भूपेश बघेल के करीबी विधायक और मंत्री तक कहने लगे थे कि ‘बाबा साहब से मेरी जान को खतरा है।’ उन्होंने कहा कि यही हालत पूरी कांग्रेस की थी और अब जनता देख रही है कि पार्टी किस स्थिति में पहुँच गई है।

