रायपुर/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर प्रदेश में तैयारियाँ जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर में विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करते हुए तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे हों और हर व्यवस्था उत्कृष्टता का प्रतीक बने।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ आगमन राज्य के लिए गौरव का अवसर है। यह प्रवास प्रदेश की संस्कृति, आत्मगौरव और प्रगति की झलक प्रस्तुत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि हर स्थल पर छत्तीसगढ़ की पहचान और उपलब्धियों का प्रतिबिंब झलके।

विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री साय ने सबसे पहले नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने सभागार, मंच और अतिथियों की बैठने की व्यवस्था का जायज़ा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की और सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

जनजातीय अस्मिता का प्रतीक बनेगा ट्राइबल म्यूज़ियम
मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जनजातीय समाज की वीरता, बलिदान और अस्मिता का अमर प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संग्रहालय का प्रत्येक अनुभाग इस तरह तैयार हो कि आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के गौरवशाली जनजातीय इतिहास से गहराई से परिचित करा सके।
राज्योत्सव स्थल पर भी ली तैयारियों की जानकारी
मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का दौरा कर मुख्य मंच, पार्किंग, विभागीय डोम, प्रदर्शनी दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और आमजन के लिए बनाए गए मार्गों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और संस्कृति का उत्सव है, इसे उत्कृष्टता की नई मिसाल के रूप में आयोजित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा, स्वच्छता और आमजन की सुविधा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि प्रधानमंत्री का प्रवास पूर्ण गरिमा और सफलता के साथ संपन्न हो।

