रायपुर/मुख्यमंत्री निवास में आज फिर जनदर्शन का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम की शुरुआत दिव्यांगजन को व्हीलचेयर देकर की।
मुख्यमंत्री साय खुद दिव्यांगों के पास पहुंचे और उनसे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही उन्होंने कई दिव्यांगों को श्रवण यंत्र भी वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों से भी मुलाकात की और उनकी परेशानियों को ध्यान से सुना।
जनदर्शन में मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात करने के बाद लाभार्थियों में खासा उत्साह देखा गया। सभी ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान अब सीधे मुख्यमंत्री के स्तर पर हो रहा है।

