रायपुर/छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक चलेगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सत्र की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को छत्तीसगढ़ विधानसभा अपने 25 वर्ष पूरे कर रही है और यह रजत जयंती वर्ष राज्य की कई उपलब्धियों का साक्षी रहा है।
रजत जयंती वर्ष की झलकियाँ
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रजत जयंती वर्ष के तहत 14 दिसंबर 2024 से विशेष आयोजन शुरू किए गए थे। इस दौरान वृत्त चित्र और छायाचित्र प्रदर्शनी सहित कई कार्यक्रम आयोजित हुए, जो नवंबर 2025 तक चले। उन्होंने बताया कि विधानसभा अब पेपरलैस, बायोमैट्रिक और अन्य आधुनिक तकनीकी सुविधाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
पहले दिन होगी ‘विजन 2047’ पर चर्चा
सत्र के पहले दिन ‘विजन 2047’ पर विस्तृत चर्चा होगी, जिसमें राष्ट्र और राज्य के सर्वांगीण विकास की रूपरेखा पेश की जाएगी। चर्चा का फोकस आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल, प्रशासनिक नवाचार, संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनता से जुड़े दीर्घकालिक लक्ष्यों पर रहेगा।

