रायपुर/छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार के दो साल पूरे हो गए हैं। 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले CM साय ने सुशासन की सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों के नाम एक भावुक संदेश लिखा है। अपने संदेश के जरिए उन्होंने जनता का आभार जताते हुए इन दो वर्षों को सेवा और समर्पण का काल बताया।
इससे पहले 12 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी थी।
CM साय का जनता के नाम संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संदेश में लिखा—
“प्रिय छत्तीसगढ़वासी भाइयों और बहनों, जय जोहार। आज जब मैं सेवायात्रा के दो वर्ष पूरे कर रहा हूं, तो मन अपार भावनाओं से भर गया है। यह दो वर्ष मेरे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष रहे, क्योंकि यह समय केवल शासन का नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का था। आपके साथ चलने का, आपकी मुस्कान में अपने दायित्व का प्रतिबिंब देखने का अवसर मिला।”
विकास, किसान और युवाओं पर रहा फोकस
CM साय ने आगे लिखा कि बीते दो वर्षों में सरकार ने प्रदेश के हर कोने तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य समय पर दिलाने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया गया। युवाओं के लिए नई भर्तियों, प्रशिक्षण और औद्योगिक अवसरों के द्वार खोले गए।
आदिवासी अंचलों और महिलाओं के लिए विशेष पहल
मुख्यमंत्री ने बताया कि आदिवासी अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया, ताकि विकास की रोशनी उन इलाकों तक पहुंचे जहां पहले उम्मीदें कम थीं। वहीं महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए भी कई नए कदम उठाए गए, जिससे हर घर में आत्मविश्वास का माहौल बने।
CM साय ने अपने संदेश के अंत में प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में सरकार और अधिक प्रतिबद्धता के साथ छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम करेगी।

