रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने कुनकुरी प्रवास के दौरान सलियाटोली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अपनी विधानसभा और अपने लोगों के बीच आकर देवतुल्य कार्यकर्ता साथियों से आत्मीय संवाद मन को सुकून और नई ऊर्जा देता है। कुनकुरी की मिट्टी, यहां का अपनापन और कार्यकर्ताओं का समर्पण सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों के सुशासन काल में जशपुर जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पर्यटन तथा सड़क-पुलों के क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं के माध्यम से जिले के हर वर्ग तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचेंगी और समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। जशपुर में हो रही यह प्रगति जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि इसी सहयोग, समर्पण और सेवा भावना के साथ जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

