जांजगीर/भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झीरम घाटी कांड को लेकर कांग्रेस पर बड़ा और गंभीर आरोप लगाया है। जांजगीर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नड्डा ने कहा कि झीरम कांड कोई सामान्य घटना नहीं थी, बल्कि इसके पीछे कांग्रेस की संदिग्ध भूमिका रही है।
जेपी नड्डा ने कहा कि उस समय के कांग्रेसी नेता नक्सलियों के संपर्क में थे और अपने ही लोगों को मरवाने तक का पाप किया गया। उन्होंने कहा, “जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो जनता का क्या होगा?”
नड्डा ने कांग्रेस पर तीखा तंज कसते हुए कहा, “घोड़ा अगर घास से दोस्ती करेगा तो खाएगा क्या?” — इस कथन के जरिए उन्होंने कांग्रेस और नक्सलियों के कथित रिश्तों पर सवाल खड़े किए।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि झीरम घाटी कांड की सच्चाई आज भी पूरी तरह सामने नहीं लाई गई है और कांग्रेस लगातार इससे बचने का प्रयास करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और स्वार्थ की राजनीति में कांग्रेस ने प्रदेश की जनता और अपने ही नेताओं की जान को जोखिम में डाला।

