रायपुर/छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC चीफ) के पद को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी बीच दिल्ली में कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव और राहुल गांधी की मुलाकात के बाद अटकलों को और हवा मिल गई है।
PCC चीफ बदले जाने की चर्चा तेज
फिलहाल छत्तीसगढ़ कांग्रेस की कमान दीपक बैज के हाथों में है, लेकिन संगठन के भीतर यह चर्चा आम है कि उनके कार्यकाल के समाप्त होने के साथ ही पार्टी किसी नए चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप सकती है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व संगठनात्मक स्तर पर नए सिरे से रणनीति बनाने की तैयारी में है।
संभावित नामों पर मंथन
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जिन नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, उनमें—
टीएस सिंहदेव
उमेश पटेल
देवेंद्र यादव
विक्रम मांडवी जैसे नेताओं की चर्चा चल रही है। हालांकि पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।
बीजेपी का तंज
कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं पर बीजेपी ने भी निशाना साधा है। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस चाहे जिसे अध्यक्ष बना ले, पार्टी एक ही परिवार के इर्द-गिर्द घूमती रहेगी। उन्होंने कांग्रेस पर गुटबाजी और अंदरूनी कलह का आरोप लगाया।
भूपेश बघेल ने अटकलें कीं खारिज
इस पूरे मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ तौर पर इन अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि टीएस सिंहदेव की राहुल गांधी से मुलाकात तमिलनाडु और पोंडिचेरी की स्क्रीनिंग कमेटी से जुड़े विषय को लेकर थी। इसे छत्तीसगढ़ PCC अध्यक्ष बदलने से जोड़ना पूरी तरह गलत है।

