रायपुर/ग्रामीण विकास, आवास और बुनियादी ढांचे के मोर्चे पर छत्तीसगढ़ सरकार ने रफ्तार और परिणाम—दोनों के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में प्रतिदिन सबसे अधिक आवास निर्माण करने वाला राज्य छत्तीसगढ़ बन गया है। यह बात उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित संवाद भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में शासन को मजबूत बनाने और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रदेश में ग्राम सचिवालयों को दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई थी, जिनका निर्माण तेज़ी से चल रहा है। इन आवासों का लाभ केवल आवासहीन परिवारों तक सीमित नहीं है, बल्कि नक्सल पीड़ितों, आत्मसमर्पितों और विशेष पिछड़ी जनजातियों को भी इसका लाभ दिया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित और दुर्गम इलाकों में वर्षों से अधूरी पड़ी 41 महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण अब पूरा कर लिया गया है, जिससे इन क्षेत्रों में आवागमन, सुरक्षा और विकास को नई गति मिली है।

