रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि केंद्रीय बजट 2026–27 जन-आकांक्षाओं की पूर्ति करते हुए देश को आर्थिक विकास की नई दिशा देगा। मुख्यमंत्री साय ने आज कुशाभाऊ ठाकरे भाजपा प्रदेश कार्यालय, रायपुर में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट भाषण का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री साय ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कर्तव्य भवन में तैयार किया गया पहला केंद्रीय बजट है, जो सार्वजनिक निवेश, सुदृढ़ वित्तीय तंत्र, कृषि और ग्रामीण सशक्तिकरण, उद्योग तथा रोजगार सृजन को गति देगा। उन्होंने कहा कि जब आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ, अधिक अवसर और मजबूत आधारभूत संरचना मिलेगी, तब विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक समान रूप से पहुँचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के कारण भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 7 प्रतिशत की दर से सतत प्रगति कर रही है। “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ तैयार यह बजट आयुष, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, जलमार्ग, हाई-स्पीड रेल, मेडिकल टूरिज्म, बायोफार्मा निवेश तथा शहरी-ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विस्तार को नई मजबूती देगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में सशक्त कदम है और समावेशी विकास को सुनिश्चित करेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस ऐतिहासिक, विकासोन्मुख और जनकल्याणकारी बजट के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।

