रायपुर/छत्तीसगढ़ सरकार ने श्रमिक हित में एक और बड़ा कदम उठाया है। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह ने बटन दबाकर डीबीटी के माध्यम से प्रदेश के 9328 निर्माण श्रमिकों के खातों में 18.23 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। यह राशि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में भेजी गई।

नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित मंडल की बोर्ड बैठक में श्रम मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप श्रमिकों और उनके परिवारों की शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेंशन, सुरक्षा उपकरण और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को पारदर्शी तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर बीते दो वर्षों में श्रम विभाग के अंतर्गत सभी मंडलों से 800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि श्रमिकों के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
केवल छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल से ही अब तक 11 लाख से अधिक श्रमिकों को 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता दी जा चुकी है। मंडल अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह ने कहा कि सरकार श्रमिक कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ सरल व पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सीधे श्रमिकों तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, सियान सहायता, आवास, पेंशन, शिक्षा, सायकल, सुरक्षा उपकरण और दीदी ई-रिक्शा सहायता जैसी योजनाओं से हजारों श्रमिकों को लाभान्वित किया गया।

