रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंत्रिपरिषद ने फरवरी-मार्च 2026 में होने वाले विधानसभा के अष्टम सत्र के लिए राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप को मंजूरी दी, साथ ही वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के मसौदे का अनुमोदन किया।
बैठक का सबसे बड़ा फैसला किसानों को लेकर रहा। सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पहले एकमुश्त देने का निर्णय लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25.24 लाख किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। इससे योजना के तहत किसानों को दी गई कुल राशि बढ़कर करीब 35 हजार करोड़ रुपये हो जाएगी।

