रायपुर/दिल्ली में छत्तीसगढ़ सहित 8 राज्यों के 286 से अधिक नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। एक दिन के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी चुनावों की रणनीति और कार्यशैली सुधार पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे।बताया गया कि आने वाले समय में जिलाध्यक्षों को 10 दिन का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
31 मार्च से पहले बनेगी प्रदेश कार्यकारिणी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 31 मार्च से पहले ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर कार्यकारिणी का गठन पूरा कर लिया जाएगा। जिलाध्यक्षों को विशेष टास्क दिए जाएंगे और उनके प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए तीन श्रेणियां तय की गई हैं — ग्रीन, येलो और रेड। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा, जबकि रेड जोन में आने वालों की समीक्षा की जाएगी।
चैतन्य बघेल–खड़गे मुलाकात पर बोले बैज
चैतन्य बघेल और मल्लिकार्जुन खड़गे की मुलाकात को दीपक बैज ने सौजन्य भेंट बताया। बीजेपी के आरोपों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि “काजल की कोठरी में बैठे लोग दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि बीजेपी शासन के दौरान और मौजूदा कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, इसलिए कांग्रेस पर आरोप लगाना उचित नहीं।
सलीम राज के बयान पर बैज ने कहा कि वे बीजेपी के “मोहरा” हैं और बिना तथ्य के बयान देते हैं।
नक्सल क्षेत्रों में विधायकों के दौरे पर सवाल
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विधायकों के दौरे पर रोक को लेकर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा के साथ दौरे की अनुमति थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार नक्सलमुक्त होने का दावा कर रही है, तो फिर जनप्रतिनिधियों को जनता से मिलने से क्यों रोका जा रहा है।
मानहानि मामले पर भी साधा निशाना
असम के मुख्यमंत्री द्वारा दायर मानहानि दावे पर दीपक बैज ने कहा कि ऐसे दावे से सच नहीं छिपाया जा सकता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एजेंसी या संसद की JPC से जांच की मांग की और कहा कि नोटिस देकर विपक्ष को डराने की कोशिश की जा रही है।

