रायपुर/विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वंदे मातरम के नए गायन संस्करण का पेन ड्राइव लॉन्च किया और सभी को रेडियो दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष की थीम “रेडियो और एआई” समय की मांग है। एआई के उपयोग से रेडियो को अधिक सटीक, त्वरित और जनोपयोगी बनाया जा सकता है, जिससे मौसम, कृषि, स्वास्थ्य और आपात सूचनाएं तेजी से लोगों तक पहुंचेंगी।
उन्होंने आकाशवाणी को देश का सबसे भरोसेमंद समाचार माध्यम बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में यह सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का सशक्त साधन है। प्रदेश में छह आकाशवाणी स्टेशन संचालित हैं और स्थानीय भाषाओं में प्रसारण से ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों तक मजबूत जुड़ाव बना है।
सीएम साय ने कहा कि नवा रायपुर में एआई डेटा सेंटर पार्क की स्थापना से डिजिटल विकास को गति मिलेगी। रेडियो की विश्वसनीयता और एआई की गति मिलकर जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाएंगी।कार्यक्रम में यूनेस्को की रीजनल एडवाइजर हज़्ज़ाज़ मा’अली सहित आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

