रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं को परीक्षा के अवसर पर शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों के नाम अपने आत्मीय संदेश में कहा — “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों। आप अकेले नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है, जिसमें उत्साह के साथ थोड़ा तनाव होना स्वाभाविक है। यदि विद्यार्थियों को डर महसूस हो रहा है, तो यह उनकी जिम्मेदारी और भविष्य के प्रति गंभीरता का संकेत है। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि इस डर को आत्मविश्वास पर हावी न होने दें, क्योंकि पूरे वर्ष की मेहनत ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित पढ़ाई करने, कठिन विषयों का बार-बार अभ्यास करने और समय का संतुलन बनाए रखने की अपील की। साथ ही पर्याप्त नींद लेने, पौष्टिक भोजन करने और परीक्षा के दौरान मोबाइल से दूरी बनाकर लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की सलाह भी दी।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

