कोरबा/पुराने शहर की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। रानी रोड कोरबा से सर्वमंगला मंदिर के बीच हसदेव नदी पर रपटा निर्माण के लिए राज्य शासन ने 13.44 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। इस निर्माण से जहां सर्वमंगला पुल पर यातायात का दबाव कम होगा, वहीं क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कोरबा नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से यह स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी कि रानी रोड से सर्वमंगला मंदिर के बीच रपटा बने, ताकि कुसमुंडा, कनकी और बिलासपुर की ओर जाने के लिए लोगों को उषा कॉम्प्लेक्स रेलवे क्रॉसिंग और सर्वमंगला पुल से घूमकर न जाना पड़े।
मंत्री देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कोरबा प्रवास के दौरान इस मांग को प्राथमिकता से रखा गया था, जिसके बाद सेतु निगम द्वारा ड्राइंग-डिजाइन और प्राक्कलन तैयार किया गया। अब राज्य सरकार ने 13.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी कर दी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
रपटा बनने से शहर के पुराने हिस्से की वर्षों पुरानी जन आकांक्षा पूरी होगी और आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। मंत्री देवांगन ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया।

