रायपुर/छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस दौरान कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं।
सत्र की शुरुआत 23 फरवरी को सुबह 11:05 बजे राज्यपाल रामेन डेका के अभिभाषण से होगी। अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा 25 फरवरी को की जाएगी।
24 फरवरी को बजट पेश
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट पर सामान्य चर्चा 26-27 फरवरी को होगी, जबकि 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी।
दो अहम विधेयक भी प्रस्तावित
सत्र में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 और छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक 2026 पेश किए जाने की सूचना है, जिन पर राजनीतिक बहस की संभावना है।
2813 प्रश्नों की सूचना
अब तक 2813 प्रश्न, 61 ध्यानाकर्षण, 13 अशासकीय संकल्प और 112 याचिकाएं प्राप्त हुई हैं। सत्र में पूर्व विधायक दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन का उल्लेख भी किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्र में वित्तीय, विधायी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।

