रायपुर/छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के दौरान कोयला, शराब और डीएमएफ सहित कई मामलों में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राजस्व को अब जनहित के कार्यों में उपयोग कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में नक्सलवाद और भ्रष्टाचार सबसे बड़ी बाधाएं रहे हैं, लेकिन केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है। उन्होंने बस्तर में नियद नेल्ला नार योजना, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास और पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
साय ने बस्तर को कॉरपोरेट घरानों को सौंपने के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य क्षेत्र में सिंचाई, रोजगार, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं का विकास करना है।

