रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गुरुवार को नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच प्रदेश में खेलों के विकास, आधुनिक खेल अधोसंरचना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कपिल देव का बेल मेटल से बनी प्रतिकृति और “पुण्यभूमि छत्तीसगढ़” कॉफी टेबल बुक भेंट कर सम्मान किया। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
वहीं कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के माहौल में प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
कपिल देव ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ आने वाले समय में खेल और विकास दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बनाएगा।

