रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और किसानों की समृद्धि व खुशहाली से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री से आज उनके निवास कार्यालय में प्रदेशभर से आए किसानों ने सौजन्य मुलाकात की और कृषक उन्नति योजना के तहत धान के अंतर की राशि होली से पहले जारी करने की घोषणा पर आभार जताया। इस दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री को धान से तौलकर अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं ने किसानों को महाजनों के कर्ज से राहत दिलाई है और अब उन्हें कम ब्याज या ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा मिल रही है। साथ ही प्रधानमंत्री सिंचाई योजना से खेतों तक पानी पहुंच रहा है और प्रदेश में सिंचाई का दायरा बढ़ा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सबसे ज्यादा है। उन्होंने बताया कि धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पहले किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।
इसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम 28 फरवरी को बिलासपुर जिले में आयोजित होगा, जबकि सभी विकासखंडों में इसे उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।मुख्यमंत्री के अनुसार इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार आगे भी किसानों के हित में प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

