रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम राजधानी रायपुर स्थित रेलवे स्टेशन गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। इस अवसर पर उन्होंने सिख संगत द्वारा आयोजित होला मोहल्ला यात्रा के लिए निःशुल्क बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस यात्रा में लगभग 1200 श्रद्धालु 17 बसों, 2 ट्रकों और अन्य वाहनों के साथ महाराष्ट्र के श्री हजूर साहिब नांदेड़ तथा कर्नाटक के गुरुद्वारा नानक झीरा साहिब, बीदर के लिए रवाना हुए। यह यात्रा सिख समाज की आस्था, परंपरा और सामूहिक श्रद्धा का प्रतीक मानी जाती है।
मुख्यमंत्री साय ने संगत को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिख गुरुओं का त्याग, बलिदान और मानवता की सेवा का संदेश पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह से जुड़े पवित्र स्थलों पर आयोजित होला मोहल्ला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत परंपरा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि सिख संगत लगातार 25 वर्षों से इस भव्य आयोजन का संचालन कर रही है। उन्होंने इसके लिए सिख समाज को बधाई और शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

