रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के नव पदस्थ सदस्य राजीव श्रीवास्तव ने सौजन्य भेंट की। कार्यभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली औपचारिक मुलाकात थी।
मुलाकात के दौरान राजीव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को प्राधिकरण की वर्तमान गतिविधियों, कार्यप्रणाली और आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है, ताकि आम जनता का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
इस अवसर पर पुलिस जवाबदेही तंत्र को प्रभावी बनाने, शिकायत निवारण प्रक्रिया को मजबूत करने तथा जनसुनवाई तंत्र को और सरल बनाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने प्राधिकरण की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ेगी और नागरिकों को न्याय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए आमजन और पुलिस के बीच विश्वास का सेतु मजबूत करेगा।

