रायपुर/मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने संघ लोक सेवा आयोग की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफल हुए छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों को वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई दी। मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने रायगढ़ जिले के खरसिया निवासी रौनक अग्रवाल, रायपुर के संजय डहरिया, धमतरी जिले के परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव और एमसीबी जिले के जनकपुर की दर्शना सिंह से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के परिवारजनों से भी चर्चा कर इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और धैर्य के बल पर प्रतिष्ठित यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के युवा अपने परिश्रम के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

