रायपुर/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित बीएसएस प्रणवानंद स्कूल पहुंचकर भारत माता की प्रतिमा और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में स्थापित ‘कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम’ का अवलोकन किया। स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद जी महाराज ने उन्हें संग्रहालय का विस्तृत भ्रमण कराया और वहां प्रदर्शित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, ऋषि-मुनियों तथा भारत सेवाश्रम संघ के मानव कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्कूली बच्चों को भारत के समृद्ध इतिहास, महान चिंतकों, धर्म प्रवर्तकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान से परिचित कराने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों और महापुरुषों ने अपने ज्ञान, तप और त्याग से समृद्ध बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। इससे बच्चों में राष्ट्र और अपनी संस्कृति के प्रति गर्व की भावना विकसित होती है।कार्यक्रम के दौरान स्वामी शिवरूपानंद जी महाराज ने मुख्यमंत्री को शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

