रायपुर/छत्तीसगढ़ की राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के योजनाबद्ध विकास के लिए स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) की दिशा में अहम पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की अध्यक्षता में बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SCR) की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजधानी क्षेत्र के समग्र और योजनाबद्ध विकास की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण का उद्देश्य बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार-वाणिज्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रायपुर और आसपास के शहर तेजी से विकसित हो रहे हैं, इसलिए महानगरों की तर्ज पर इनके संतुलित और योजनाबद्ध विकास की जरूरत है।
बैठक में बताया गया कि Raipur, Bhilai, Durg और Nava Raipur Atal Nagar सहित आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में विकसित किया जाएगा। यह क्षेत्र भविष्य में छत्तीसगढ़ के विकास का एक प्रमुख ग्रोथ इंजन बनेगा।
बैठक में क्षेत्रीय मोबिलिटी और लॉजिस्टिक्स के विकास, मेट्रो संचालन की टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी स्टडी, सर्वेक्षण कार्यों और विशेषज्ञ सलाहकारों की नियुक्ति जैसे विषयों पर भी विचार किया गया। साथ ही राजधानी क्षेत्र विकास एवं निवेश योजना तैयार करने, निवेश क्षेत्रों की पहचान, सर्वेक्षण और चरणबद्ध परियोजना क्रियान्वयन की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
प्राधिकरण की प्रारंभिक गतिविधियों के लिए 27 करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी भी बैठक में दी गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित योजना और समयसीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं और प्रगति की नियमित उच्चस्तरीय समीक्षा की जाए।बैठक में उपमुख्यमंत्री Arun Sao, वित्त मंत्री OP Choudhary, मुख्य सचिव Vikas Sheel सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार का मानना है कि स्टेट कैपिटल रीजन के विकास से राजधानी और आसपास के शहरों में आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे छत्तीसगढ़ आर्थिक रूप से और मजबूत होगा।

