रायपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के ग्राम लाखासार में गौधाम योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गौधाम में गोमाता की पूजा-अर्चना कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और पशुओं के लिए चारा, पानी व स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य बेसहारा और आवारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय देना और गोधन संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने घोषणा की कि अब प्रदेश के सभी गौधाम “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे।
ग्राम लाखासार में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में गौधाम विकसित किया गया है, जिसमें 19 एकड़ में हरे चारे की खेती की जा रही है। गौधाम का संचालन कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौधामों में पशुपालन, हरा चारा उत्पादन और गोबर से उपयोगी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लाखासार गांव के विकास के लिए महतारी सदन, मिनी स्टेडियम और 500 मीटर गौरव पथ निर्माण की घोषणा की। साथ ही गौधाम में प्रशिक्षण भवन के लिए 25 लाख रुपये, एक काऊ कैचर और पशु एम्बुलेंस देने की भी घोषणा की।

