जशपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने आज जशपुरनगर में लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय महावीर प्रसाद जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री उनके निवास पहुंचे और छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि महावीर प्रसाद जैन का जीवन समाज सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और सामाजिक सरोकारों के लिए उनका समर्पण अतुलनीय था, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव और नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

