कोरबा/कोरबा नगर के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नगर विधायक और प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से पंडित रविशंकर शुक्ल नगर से दादर नाला कलवर्ट (हनुमान मंदिर के पास) तक सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 99.78 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। यह राशि एसईसीएल के CSR मद से स्वीकृत की गई है।
मंत्री देवांगन के लगातार प्रयासों का ही नतीजा है कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क विकास कार्यों को तेजी मिल रही है। हाल ही में भी कोरबा के चार प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए करीब 6 करोड़ रुपये की मंजूरी राज्य शासन से मिली थी। इसके अलावा अन्य निर्माण कार्यों के लिए भी विभिन्न मदों से लगातार राशि स्वीकृत हो रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले महीने ही मंत्री देवांगन ने एसईसीएल प्रबंधन को पत्र लिखकर इस सड़क के डामरीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा था और जल्द स्वीकृति की मांग की थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए एसईसीएल ने बुधवार को 99.78 लाख रुपये की मंजूरी जारी कर दी।
कई क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
इस सड़क के डामरीकरण से आरएसएस नगर, दादर खुर्द, मानिकपुर, खरमोरा समेत आसपास के कई इलाकों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।मंत्री लखन लाल देवांगन ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों से लेकर आंतरिक सड़कों तक के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और आगे भी इसी तरह कार्य होते रहेंगे

