जशपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को बड़ी सौगात देते हुए 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से बने मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम का उद्घाटन किया। इस आधुनिक स्टेडियम के शुरू होने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर काम कर रही है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी उचित मंच मिल सके।
मुख्यमंत्री ने स्टेडियम का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों के साथ समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
इस मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल के साथ-साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यह स्टेडियम जशपुर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने का एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें रामप्रताप सिंह, सालिक साय, अरविन्द भगत, यश प्रताप सिंह जुदेव, नरेन्द्र दुग्गा, दीपक कुमार झा, रोहित व्यास और अन्य अधिकारी शामिल रहे। खिलाड़ियों और कोच की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

