रायगढ़/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ के बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी समाजों के सहयोग से ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान जगन्नाथ स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और ‘वंदे उत्कल जननी’ के गायन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे यहां अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए हैं। उन्होंने रायगढ़ से अपने लंबे जुड़ाव का जिक्र करते हुए जनता के स्नेह के लिए आभार जताया।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करते हुए ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते को मजबूत बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई इलाकों में उड़िया भाषा और परंपराएं आज भी जीवंत हैं।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समाज की पत्रिका ‘सुविधा’ का विमोचन किया और जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही उत्कल समाज की 8 प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 8 लाख पूरे हो चुके हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी हो रही है और 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार श्रद्धालु अयोध्या जा चुके हैं। साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी फिर से शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून, नक्सलवाद पर नियंत्रण, बस्तर में विकास कार्य, रोजगार के अवसर और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 20 से 25 हजार भर्तियां की गई हैं।
कार्यक्रम में विधायक टंकाधर त्रिपाठी, विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर जीवर्धन चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

