कोरबा/शहर में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को 1.90 करोड़ रुपये की लागत से बने नए 33/11 केवी सब स्टेशन का लोकार्पण किया। यह उपकेंद्र पुष्पलता उद्यान, सुभाष चौक के पास सीडीईएफ कॉलोनी क्षेत्र में स्थापित किया गया है, जिससे शहर के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में बिजली अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना योजना के तहत ऐसे प्रोजेक्ट्स को तेजी से स्वीकृति मिल रही है, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
नए सब स्टेशन में 1×5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया है, जो कोसाबाड़ी, निहारिका, घंटाघर, बुधवारी, काशीनगर, सीएसईबी कॉलोनी, आरपी नगर और शिवाजी नगर समेत कई इलाकों के 5 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाएगा। अब तक इन क्षेत्रों में अलग-अलग फीडर से बिजली आपूर्ति होती थी, जिससे किसी एक लाइन में खराबी आने पर पूरे इलाके की बिजली प्रभावित हो जाती थी। नए उपकेंद्र के शुरू होने से वैकल्पिक लाइन के जरिए निर्बाध बिजली आपूर्ति संभव हो सकेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड के कारण बिजली की समस्या आम हो जाती है, लेकिन इस सब स्टेशन के शुरू होने से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली आज बुनियादी जरूरत बन चुकी है और सरकार हर घर तक सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं का जिक्र करते हुए बताया कि कई उपभोक्ता आर्थिक कारणों से समय पर भुगतान नहीं कर पाते, जिससे सरचार्ज बढ़ जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार ने राहत योजना शुरू की है, जिसके तहत अलग-अलग वार्डों में शिविर लगाकर लोगों को सुविधा दी जा रही है।
इस मौके पर महापौर संजू देवी राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
वहीं, मंत्री ने जानकारी दी कि कोरबा शहर में राताखार और रूमगढ़ा क्षेत्रों में भी जल्द ही नए सब स्टेशन का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को स्थल चयन कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इससे आने वाले समय में शहर के और अधिक उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सुविधा मिल सकेगी।

