रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा जिले के लुंड्रा में 280 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 28 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और 253 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और विकास को नई गति मिलेगी।
किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है और भुगतान 24 से 48 घंटे में सुनिश्चित किया जा रहा है। किसान उन्नति योजना के तहत अंतर राशि भी सीधे खातों में दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और जनजातीय विकास से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का फोकस गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के समग्र विकास पर है। साथ ही उन्होंने लुंड्रा क्षेत्र के लिए स्टेडियम निर्माण, सड़क, विश्राम भवन और कृषि उप मंडी जैसी कई नई घोषणाएं भी कीं।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार के विकास कार्यों की सराहना की।

