जशपुर/जशपुर ज़िले के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर, दोकड़ा से भव्य रथ यात्रा निकाली गई। आस्था, भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण माहौल में भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की रथयात्रा निकली — जो मुख्य मार्गों से होती हुई मौसीबाड़ी पहुंची।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय परंपरागत ‘गजपति महाराजा’ की भूमिका में शामिल हुए। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ भगवान की पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की और श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचते नज़र आए।

जय जगन्नाथ के जयघोष, कीर्तन मंडलियों के भजन और सांस्कृतिक झांकियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ओडिशा की पारंपरिक झलक इस आयोजन में साफ दिखी।

इस रथ यात्रा की शुरुआत 1942 में सतपथी दंपति ने की थी, जो अब भव्य धार्मिक मेले का रूप ले चुकी है।
यह आयोजन न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का भी अद्भुत संगम है।