रायपुर/छत्तीसगढ़ में विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है। नवा रायपुर के राखी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राज्य के पहले सरकारी स्कूल अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर वायु सेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जशपुर के विद्यार्थियों द्वारा तैयार रॉकेट का मुख्यमंत्री और ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने बटन दबाकर सफल प्रक्षेपण किया।
जिला प्रशासन रायपुर की पहल पर शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ के तहत स्थापित यह अंतरिक्ष केंद्र आईडीवायएम और सारडा ग्रुप के संयुक्त सहयोग से तैयार किया गया है। आईडीवायएम के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह देश का पहला ऐसा अंतरिक्ष केंद्र है, जो किसी सरकारी स्कूल परिसर में स्थापित किया गया है। यहां विद्यार्थियों ने कार्डबोर्ड और पीवीसी पाइप जैसे साधारण संसाधनों से रॉकेट तैयार कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र में स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम, स्टूडेंट सैटेलाइट लेबोरेटरी, ग्राउंड स्टेशन और मिशन कंट्रोल सेंटर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां छात्र उपग्रह का डिजाइन, असेम्बली, परीक्षण, सिग्नल प्राप्ति और डेटा डिकोडिंग जैसी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव हासिल कर सकेंगे। कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

