रायपुर/छत्तीसगढ़ में शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश को AI आधारित शिक्षा के जरिए ज्ञान, कौशल और नवाचार का अग्रणी केंद्र बनाने का लक्ष्य तय किया है।

राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास पर गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन और गूगल इंडिया के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राजेश रंजन ने CM साय से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में ‘AI सक्षम शिक्षा अभियान’ की शुरुआत को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
रायपुर से होगी शुरुआत
गूगल और रायपुर जिला प्रशासन के बीच हुए LOI के तहत इस अभियान की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में रायपुर से की जाएगी। इसके बाद इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
2 लाख शिक्षकों को AI ट्रेनिंग इस अभियान के तहत प्रदेश के 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI आधारित प्रशिक्षण और प्रमाणन दिया जाएगा। गूगल अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को शिक्षकों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें आधुनिक शिक्षण तकनीकों में दक्ष बनाया जा सके।
पहले चरण में 200 शिक्षक शामिल
शुरुआती चरण में 200 शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जहां AI टूल्स और डिजिटल शिक्षण पद्धतियों का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा।

