रायपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा भवन स्थित उनके कार्यालय में जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इंद्रावती नदी पर नए बैराज निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इंद्रावती नदी पर बनने वाले इस नए बैराज से जगदलपुर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी और आने वाले समय में पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे किसानों को फायदा मिलेगा और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और धीरे-धीरे क्षेत्र में शांति स्थापित हो रही है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और इसी दिशा में मटनार और देऊरगांव सिंचाई परियोजनाओं को भी सहमति दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि पानी के कम अपव्यय और किसानों तक बेहतर ढंग से पानी पहुंचाने के लिए सरकार पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम कर रही है।उल्लेखनीय है कि राज्य के बजट में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से इंद्रावती नदी के महादेव घाट पर बैराज निर्माण की घोषणा की गई है। इस बैराज के बनने से जगदलपुर शहर को पेयजल की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

