रायपुर/देश में लगे आपातकाल को आज 50 साल पूरे हो गए हैं। 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लागू की थी। इस मौके पर भाजपा पूरे देश में ‘संविधान हत्या दिवस’ मना रही है।
रायपुर स्थित एकात्म परिसर में मीडिया से चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा—
“अब तक देश में तीन बार आपातकाल लागू किया गया। 1962 और 1971 में राष्ट्रीय सुरक्षा के कारण, लेकिन 1975 में इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए इसे थोप दिया। यह लोकतंत्र की हत्या थी।”
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में प्रेस की आज़ादी छीनी गई, नेताओं को जेल में डाला गया और नागरिक अधिकारों को कुचला गया। उन्होंने युवाओं से इतिहास से सीख लेने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।