रायपुर/Vishnu Deo Sai ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में “बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026” का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य के करीब 28 लाख 42 हजार बिजली उपभोक्ताओं को 757 करोड़ रुपये से अधिक की राहत मिलने वाली है। सरकार का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाने वाले उपभोक्ताओं को राहत देना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 2,931 हितग्राहियों को 8 करोड़ 79 लाख रुपये की सब्सिडी भी ट्रांसफर की।मुख्यमंत्री ने कहा कि कई परिवार आर्थिक कारणों से समय पर बिजली बिल जमा नहीं कर पाते, जिससे सरचार्ज बढ़ जाता है और भुगतान करना मुश्किल हो जाता है। इसी समस्या को देखते हुए राज्य सरकार ने यह समाधान योजना शुरू की है।
योजना के तहत निम्न और मध्यम आय वर्ग के घरेलू तथा कृषि उपभोक्ताओं को राहत दी जाएगी। उपभोक्ताओं को अधिभार में 100 प्रतिशत छूट और मूल बकाया राशि में 75 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पंजीयन के समय कम से कम 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी, जबकि बाकी भुगतान किस्तों में किया जा सकेगा।
सरकार के अनुसार यह योजना 30 जून 2026 तक लागू रहेगी और शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

